देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर सीजन के दौरान लगने वाले जाम से आम जनता और पर्यटकों को राहत देने के लिए प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) ने कवायद तेज कर दी है।
चारधाम यात्रा सीजन हो या पर्यटन सीजन, प्रदेश के प्रमुख मार्गों और शहरों में लगने वाले जाम लंबे समय से बड़ी समस्या बने हुए हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में इस विषय को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और परिवहन विभाग के सहयोग से एआई आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने के निर्देश आईटीडीए को दिए थे।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद आईटीडीए ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। आईटीडीए के जीएम (इमर्जिंग टेक्नोलॉजी) राम एस. उनियाल ने बताया कि फिलहाल इस परियोजना के तहत सबसे पहले प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट (पीओसी) तैयार किया जा रहा है।
पीओसी के अंतर्गत एक यूज केस विकसित किया जाएगा, जिसमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि एआई तकनीक की मदद से यातायात प्रबंधन कैसे किया जाएगा और इसके लिए किन तकनीकों का उपयोग आवश्यक होगा। इसमें डाटा कैप्चर, डाटा प्रोसेसिंग, डाटा एनालिसिस और डाटा के उपयोग तक की पूरी प्रक्रिया तय की जाएगी।
पीओसी के दौरान ही आवश्यक कोडिंग भी की जाएगी, जिसके आधार पर एआई आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम कार्य करेगा। एक बार पीओसी सफल होने के बाद इस प्रणाली को बड़े स्तर पर लागू करना आसान हो जाएगा।
आईटीडीए के अनुसार, पहले चरण में किसी एक शहर में इसका ट्रायल किया जाएगा। अभी शहर का चयन नहीं हुआ है और यह कोई भी नगर निकाय हो सकता है। ट्रायल सफल रहने पर इस सिस्टम को प्रदेश के अन्य शहरों और पर्यटन स्थलों पर भी लागू किया जाएगा।
