अल्मोड़ा, उत्तराखंड। अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधायक एवं उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा बिहार की बेटियों को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से प्रदेश की राजनीति में उबाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बयान के विरोध में शनिवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के चौघानपाटा में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए बयान को महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला बताया। वक्ताओं ने कहा कि सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के स्याहीदेवी मंडल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गिरधारी लाल साहू ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में 20–25 हजार रुपये में लड़कियां मिल जाती हैं और कुंवारों के लिए बिहार से लड़कियां लाने की बात कही। यह टिप्पणी न केवल निंदनीय है बल्कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है।
कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन: महिला कांग्रेस
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार जल्द से जल्द गिरधारी लाल साहू के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करती है तो महिला कांग्रेस को उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के उत्पीड़न और उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। आवश्यकता पड़ी तो सड़क से लेकर हर स्तर तक संघर्ष किया जाएगा।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस दौरान लीला जोशी, प्रीति बिष्ट, मंजू कांडपाल, सपना बिष्ट, विमल जोशी, निर्मला कांडपाल, इंदिरा वर्मा, गीता पांडे, किरण आर्य, उमा आर्य, आसना गुनगुन, जया जोशी, आशा शर्मा, शोभा जोशी, लता तिवारी, पुष्पा पांडे, तारा तिवारी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा जोशी, नारायण दत्त पांडे, शरद शाह, पारस नाथ, दिनेश नेगी, वैभव पांडे, सुधांशु रौतेला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
