• Dehradun
  • February 11, 2026
0 Comments

देहरादून | 15 दिसंबर 2025- उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग के मामलों में घिरी सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर सोमवार को देहरादून पहुंच गई हैं। वह आज विशेष जांच टीम (SIT) के समक्ष पेश होकर अपना पक्ष रखेंगी। एसआईटी उर्मिला द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किए गए ऑडियो क्लिप की गहन जांच करेगी।

कई दिनों तक नहीं था कोई सुराग

बीते कुछ दिनों तक अभिनेत्री उर्मिला सनावर का कोई अता-पता नहीं था। उनका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। इस बीच हरिद्वार पुलिस ने उनके सहारनपुर स्थित आवास पर नोटिस चस्पा किया था। उर्मिला सनावर का घर सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र अंतर्गत गोविंद नगर मोहल्ले में स्थित है।

पूर्व विधायक से विवाह के बाद आईं चर्चा में

उर्मिला सनावर हरिद्वार जिले की ज्वालापुर विधानसभा से पूर्व विधायक सुरेश राठौर से विवाह के बाद उत्तराखंड की राजनीति और मीडिया में चर्चा का विषय बनी थीं। अब वह एक बार फिर सुर्खियों में हैं, इस बार अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और गंभीर आरोपों को लेकर।

भाजपा नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप

अभिनेत्री ने इस हत्याकांड में भाजपा नेताओं की संलिप्तता का आरोप लगाया है। इसी क्रम में 29 दिसंबर को वह फेसबुक पर लाइव आई थीं, जिसके बाद से वह अचानक लापता हो गई थीं। पुलिस ने बयान और साक्ष्यों के साथ पेश होने के लिए नोटिस जारी किया था।

एफआईआर भी हो चुकी है दर्ज

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी की ओर से डालनवाला थाना, देहरादून में पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एफआईआर में आरोप है कि दोनों ने जानबूझकर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो और सामग्री प्रसारित कर नेताओं की छवि खराब करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रची।
तहरीर में कांग्रेस, यूकेडी और आम आदमी पार्टी को भी कथित साजिश का सूत्रधार बताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है।

एसआईटी जांच पर टिकी निगाहें

अब उर्मिला सनावर की एसआईटी के समक्ष पेशी के बाद यह स्पष्ट होगा कि वायरल ऑडियो क्लिप की सच्चाई क्या है और आरोपों में कितना दम है। पूरे प्रदेश की निगाहें इस जांच पर टिकी हुई हैं।

Author

uttarakhandinsight18@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *