देहरादून। राज्य में हाल ही में आई आपदा से हुई क्षति का जायजा लेने के लिए अंतर-मंत्रालयीय केंद्रीय टीम सोमवार को उत्तराखंड पहुंची।सुबह राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने टीम के साथ बैठक कर आपदा से हुई क्षति पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। इसके बाद टीम विभिन्न जिलों के लिए रवाना हो गई।जानकारी के अनुसार, केंद्रीय टीम छह जिलों में आपदा से हुए नुकसान का आकलन करेगी। दो दिनों तक यह टीम प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेगी, स्थानीय लोगों से बातचीत करेगी और उनकी समस्याओं को भी सुनेगी।निरीक्षण के बाद संबंधित जिला प्रशासन टीम को प्रस्तुतीकरण के जरिए जिले में हुई क्षति और राहत कार्यों की जानकारी देगा। टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही और सहायता राशि के निर्धारण की संभावना है।
