देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को ननूरखेड़ा स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय पहुंचकर ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।
हर बच्चा खास होता है: प्रतिभा पहचानना जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि हर बच्चा खास होता है और प्रत्येक में कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। उन्होंने छात्रों से अपनी क्षमताओं को पहचानने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षकों और अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे बच्चों की रुचि और प्रतिभा को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
उद्योग, विज्ञान और शिक्षा जगत से जोड़ा जाए कार्यक्रम
मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाते हुए इसमें उद्योगपतियों, वैज्ञानिकों, प्रोफेसरों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे व्यक्तियों को शामिल किया जाए, ताकि बच्चों को सही मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरुआत क्लस्टर विद्यालयों से करते हुए इसे प्रदेश के सभी विद्यालयों से जोड़ा जाए।
तकनीक पर नियंत्रण जरूरी
छात्रों से बातचीत के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि आज का दौर मोबाइल और तकनीक का है, लेकिन हमें तकनीक पर नियंत्रण रखना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। उन्होंने कहा कि किताबें, खेल और रचनात्मक सोच बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाती हैं, इसलिए इन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
मेहनत और अनुशासन से मिलती है सफलता
मुख्य सचिव ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि अच्छा मनुष्य और जिम्मेदार नागरिक बनना हम सभी का उद्देश्य होना चाहिए, जिसमें शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
साइंस प्रोजेक्ट्स का अवलोकन, शैक्षणिक भ्रमण पर जोर
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों द्वारा तैयार किए गए साइंस प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया और छात्रों से संवाद भी किया। प्रोजेक्ट्स की सराहना करते हुए उन्होंने छात्रों को देहरादून भ्रमण कराने तथा कौशल विकास विभाग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में सचिव श्री रविनाथ रमन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा श्री मुकुल सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
