देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने दीनदयाल पार्क, देहरादून में स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उपाध्याय जी को भावपूर्ण स्मरण किया।
गरीब और वंचितों के लिए आजीवन कार्य किया – सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए जीवनभर कार्य किया। उनकी शिक्षाएं और आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पंडित उपाध्याय के विचार और अंत्योदय का संकल्प उत्तराखंड की विकास नीति के केंद्र में है।
“राज्य सरकार केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।” – सीएम धामी
मुख्यमंत्री आवास में भी किया स्मरण
दीनदयाल पार्क में माल्यार्पण के बाद मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री आवास में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके विचारों को याद किया।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
