• Dehradun
  • March 28, 2026
0 Comments

पौड़ी। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आपदा की गंभीर परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पावन धारी देवी मंदिर पहुंचे। चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का जायज़ा लेने के बाद सीएम धामी ने पौड़ी जनपद स्थित धारी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और प्राकृतिक आपदाओं से राहत की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा— “मां धारी देवी प्रदेश की आराध्य हैं, और मैं इस संकट की घड़ी में उनके चरणों में संपूर्ण उत्तराखंड की मंगलकामना लेकर आया हूं।”

श्रद्धालुओं से संवाद

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों से संवाद किया। श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा प्रबंधन की सराहना की। इंदौर से आए श्रद्धालु संतोष पाठक ने कहा कि “आपदा के समय मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता प्रेरणादायक है।”

आपदा प्रबंधन पर सख्त निर्देश

सीएम धामी ने मंदिर परिसर और अलकनंदा तट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी के दोनों किनारों पर भू-कटाव रोकने के लिए ठोस सुरक्षा दीवारों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

“सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा की इस कठिन घड़ी में हर प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा—
“हमारा संकल्प है कि हम हर पीड़ित तक पहुंचें, उसकी ज़रूरत समझें और उसे फिर से सामान्य जीवन की ओर ले जाएं।”

कार्यक्रम में उपस्थित

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक आशा नौटियाल (केदारनाथ), विधायक भरत सिंह चौधरी (रुद्रप्रयाग), जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित अन्य अधिकारी व गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Author

uttarakhandinsight18@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *