• Dehradun
  • February 22, 2026
0 Comments

देहरादून: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं के बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जारी कर दिया है। परिषदीय परीक्षा-2024 के तहत इंटरमीडिएट का कुल परीक्षाफल 82.63 प्रतिशत जबकि हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 89.14 फीसदी रहा। जोकि विगत वर्ष की तुलना में अधिक रहा। शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुये उनके बेहतर भविष्य के लिये शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने तय समय पर बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी करने पर शिक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की जमकर तारीफ की। विभागीय मंत्री ने तय समय पर बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी करने पर शिक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि विभाग ने निर्धारित समय पर रिजल्ट जारी कर इतिहास रचा है। डा. रावत ने कहा कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट विगत वर्ष की तुलना में शानदार रहा है। हाईस्कूल में जहां कुल परीक्षा परिणाम 89.14 फीसदी रहा वहीं इंटरमीडिएट में 82.63 फीसदी रहा। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.59 तथा बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 92.54 रहा। इसी तरह इंटरमीडिएट में बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 78.97 फीसदी जबकि बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.96 रहा है। डा. रावत ने बोर्ड परीक्षाओं में बालिकाओं शानदार प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी बालिकाओं ने बोर्ड परीक्षा में बाजी मारी है जो प्रदेश में बालिका शिक्षा के प्रोत्साहन के प्रति राज्य की दृढ इच्छाशक्ति को भी प्रदर्शित करती है।

शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा के लिये 115666 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण किया था। जिसमें से 112377 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी और 100179 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुये। जिसमें से संस्थागत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 89.56 जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 58.80 रहा। इसी प्रकार इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिये 94255 परीक्षार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था जिसमें 92020 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी जिसमें 76039 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुये। इसमें संस्थागत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 83.76 तथा व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 54.14 रहा।विभागीय मंत्री डा. रावत ने बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी होने के उपरांत संयुक्त श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से दूरभाष पर बात कर उन्हें इस सफलता के लिये बधाई दी। डा. रावत ने हाईस्कूल में शतप्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली पिथौरागढ़ की प्रियंशी रावत से बात की और उन्हें भविष्य की शुभकामनाएं दी। डा. रावत ने कहा कि शीघ्र ही मुख्यमंत्री आवास में सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा जिसमें बोर्ड परीक्षा के टाॅपर्स को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों सम्मानित किया जायेगा। इस दौरान उन्होंने बोर्ड परीक्षा में फेल होने वाले छात्र-छात्राओं को निराश न होने को कहा और दोबारा कड़ी मेहनत करने को कहा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही विभाग द्वारा अंक सुधार परीक्षा आयोजित की जायेगी, जिसमें एक या दो विषय में अनुत्तीर्ण छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर सकेंगे।

Author

uttarakhandinsight18@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *