• Dehradun
  • February 22, 2026
0 Comments

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस ने देहरादून और धर्मनगरी हरिद्वार में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से भारत में रह रहे छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनकी मदद करने के आरोप में एक भारतीय महिला को भी हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मिलिट्री इंटेलिजेंस, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और स्थानीय पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही हैं।
गोपनीय सूचना से हुआ खुलासा
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में कुछ संदिग्ध विदेशी नागरिकों के रहने की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर एसओजी, एलआईयू और स्थानीय पुलिस की टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। छानबीन के दौरान पोस्ट ऑफिस रोड स्थित लेन नंबर 11 से पांच बांग्लादेशी नागरिक—निर्मल राय, शेम राय, लिपि राय (महिला), कृष्णा उर्फ संतोष और मुनीर चंद्र राय को गिरफ्तार किया गया। उनके साथ भारतीय महिला पूजा रानी उर्फ रोसना भी रह रही थी।
नहीं मिले वैध दस्तावेज, नकली आधार कार्ड बरामद
पूछताछ में सभी आरोपियों के पास कोई वैध भारतीय पहचान पत्र नहीं मिला। तलाशी में मुनीर चंद्र राय से पटना और पश्चिम बंगाल के फर्जी आधार कार्ड, जबकि कृष्णा और निर्मल राय से बांग्लादेश के आईडी कार्ड बरामद हुए। पुलिस ने इनके साथ रह रहे चार बच्चों को भी संरक्षण में ले लिया है।
भारत आने का नेटवर्क: ठेकेदार और दलालों की तलाश
पूछताछ में सामने आया कि मुनीर चंद्र राय वर्ष 2010 में पश्चिम बंगाल के राधिकापुर बॉर्डर से भारत आया था। वह नोएडा, फरीदाबाद, झज्जर और राजस्थान जैसे स्थानों पर काम कर चुका है। उसने भारतीय महिला पूजा रानी से विवाह किया, जो पहले से विवाहित थी और दो बच्चों की मां है।
मुनीर वर्ष 2023 में फिर बांग्लादेश से भारत लौटा और हर्रावाला के कैंसर अस्पताल निर्माण स्थल पर मजदूरी करने लगा। बाद में उसने बांग्लादेश से निर्मल, शेम और लिपि राय को उनके बच्चों सहित भारत बुलाया। इसमें नूर इस्लाम और अलाउद्दीन उर्फ मोहम्मद आलम नामक लोगों की मदद ली गई, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।

हरिद्वार से भी बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार
शुक्रवार रात हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में एक झोपड़ी में रह रही बांग्लादेशी महिला को भी उसके भारतीय पति के साथ गिरफ्तार किया गया। वह फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत में रह रही थी। महिला के नाबालिग पुत्र को बाल संरक्षण इकाई के सुपुर्द कर दिया गया है।
कानूनी कार्यवाही जारी
सभी विदेशी नागरिकों पर विदेशी नागरिक अधिनियम (Foreigners Act) और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भारतीय महिला पूजा रानी पर घुसपैठियों को पनाह देने और फर्जी विवाह के आधार पर वैधता दिलाने के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ है।
पुलिस की टीमें नूर इस्लाम और मोहम्मद आलम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।महिला बांग्लादेश में मौजूद भाई और पिता के संपर्क में थी। महिला के पास से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल बरामद किया गया।

Author

uttarakhandinsight18@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *