उत्तरकाशी। आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र के सेब उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेब की सरकारी खरीद की घोषणा की है।मुख्यमंत्री ने कहा कि धराली व आसपास के क्षेत्रों का रॉयल डिलीशियस सेब ₹51 प्रति किलोग्राम जबकि रेड डिलीशियस और अन्य किस्मों का सेब ₹45 प्रति किलोग्राम (ग्रेड-सी सेब को छोड़कर) की दर पर उद्यान विभाग द्वारा खरीदा जाएगा। इसके लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था मुख्यमंत्री घोषणा मद से की जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी परिपत्र में सचिव, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग को इस संबंध में तत्काल कार्यवाही करने तथा वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति का शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, इस घोषणा के अनुपालन की स्थिति से मुख्यमंत्री को शीघ्र अवगत कराने को भी कहा गया है। इस निर्णय से आपदा प्रभावित सेब उत्पादकों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहारा मिलने की उम्मीद है।
