राज्य के सभी जिलों में बढ़ाई गई सुरक्षा—संवेदनशील स्थलों पर सघन चेकिंग और गश्त के निर्देश
दिल्ली स्थित लाल किले के पास हुए कार धमाके की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थानों पर सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र राज्य के सभी जनपदों में अंतरराष्ट्रीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल्स और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। सभी जिला प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखने और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य के सभी जिलों में चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोल कार्स, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वाड को सक्रिय कर दिया गया है। ये टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार तलाशी एवं चेकिंग अभियान चला रही हैं।
राज्य पुलिस मुख्यालय ने बताया कि सभी गतिविधियों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
पुलिस महानिदेशक ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें।
राज्य पुलिस ने कहा कि पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था पूरी सतर्कता के साथ लागू है, और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
