• Dehradun
  • March 28, 2026
0 Comments

चारधाम प्रसाद और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ उत्पादों से हुआ अभिनंदन, प्राकृतिक सुंदरता देख हुए अभिभूत

देहरादून, 15 सितंबर 2025:
मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम का चार दिवसीय उत्तराखंड दौरा आज सोमवार को समाप्त हो गया। उत्तराखंड से उनके प्रस्थान से पूर्व मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर स्वयं पहुंचकर उनका आत्मीय विदाई-संवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें चारधाम का पावन प्रसाद एवं प्रदेश के अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के स्थानीय उत्पाद स्मृति स्वरूप भेंट किए।

डॉ. रामगुलाम ने उत्तराखंड की पारंपरिक आतिथ्य परंपरा की मुक्तकंठ से सराहना की और राज्य सरकार का आभार जताया। मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा, “भारत के नेतृत्व में आज देश की प्रतिष्ठा वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों को छू रही है। मॉरीशस के प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत और मॉरीशस के सांस्कृतिक व ऐतिहासिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करेगी।”

प्राकृतिक सौंदर्य ने मोहा मन

उत्तराखंड पहुंचने पर प्रधानमंत्री डॉ. रामगुलाम और उनकी पत्नी वीणा रामगोपाल का भव्य पारंपरिक स्वागत किया गया। महिलाओं ने स्वागत गीत गाकर एवं तिलक लगाकर अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्हें तुलसी की माला भी भेंट की गई।
प्रधानमंत्री दंपति ऋषिकेश और हरिद्वार की प्राकृतिक सुंदरता से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने इसे “आध्यात्मिकता और प्रकृति का दिव्य संगम” बताया। ऋषिकेश के घाटों और गंगा आरती के दृश्य उनके दौरे की विशेष आकर्षण रहे।

पर्यटन और संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

डॉ. रामगुलाम के इस दौरे से उत्तराखंड में पर्यटन, संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद की जा रही है। इस यात्रा को दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ढालवाला से नरेंद्रनगर बाइपास तक के पूरे क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया था। चंबा की ओर से आने वाले सभी वाहनों को अस्थाई रूप से बाइपास पर रोका गया था। प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने के बाद ही यातायात सामान्य किया गया।

Author

uttarakhandinsight18@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *