देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को स्वच्छ उत्सव-2025 कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती की बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा और स्वच्छता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पौधारोपण, स्वच्छता शपथ तथा स्वच्छता रथ का फ्लैग ऑफ किया। साथ ही पर्यावरण मित्रों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में स्वच्छता आंदोलन को नई दिशा मिली है। स्वच्छ उत्सव-2025 भी इसी अभियान का हिस्सा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और स्वच्छ भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा—“स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का सपना पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय वायु कार्यक्रम के तहत जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नगर निगम देहरादून को देश में 19वाँ स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि स्वच्छता रैंकिंग में निगम ने 62वाँ स्थान हासिल किया है। राज्य में अब तक छह लाख से अधिक परिवारों को शौचालय उपलब्ध कराए जा चुके हैं। साथ ही सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम देहरादून ने स्वच्छता कंट्रोल रूम की स्थापना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली और संस्कार का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण को जीवन की गुणवत्ता सुधारने का सबसे बड़ा माध्यम बताया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, सचिव नीतेश झा, नगर आयुक्त नमामि बंसल समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
