देहरादून। मुख्यमंत्री आवास में बुधवार को राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर अपनी विभिन्न मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सचिव कार्मिक की अध्यक्षता में सचिव शिक्षा, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा और शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों के साथ एक सप्ताह के भीतर बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि संघ द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र का अध्ययन कर नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री रमेश पैन्यूली, उपाध्यक्ष राजकुमार चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
