देहरादून, 23 जून 2026 (सूवि)। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने प्रदेशभर में अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, बड़े मॉल, होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की होगी गहन जांच
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन संस्थानों में अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि ऑडिट के दौरान विशेष रूप से निम्न बिंदुओं की जांच की जाए—
- फायर सेफ्टी उपकरणों की कार्यशीलता
- आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता और स्थिति
- विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाएं
- आपदा की स्थिति में त्वरित निकासी की तैयारियां
- अग्निशमन मानकों का अनुपालन
- समयबद्ध तरीके से पूरा होगा ऑडिट
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर फायर सेफ्टी ऑडिट की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक भवनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। जहां भी कमियां पाई जाएंगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
