पौड़ी गढ़वाल | मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पौड़ी जनपद स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट) का नाम परिवर्तित कर ‘स्व. अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट), पौड़ी’ कर दिया गया है। इस संबंध में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा तत्काल शासनादेश जारी कर दिया गया है।
शासनादेश जारी
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने गुरुवार को कॉलेज का नाम परिवर्तित किए जाने संबंधी कार्यालय ज्ञाप जारी किया। शासनादेश के साथ ही नए नाम से कॉलेज की सभी शासकीय कार्यवाहियां प्रभावी मानी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने दोहराया न्याय का भरोसा
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने स्व. अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात कर यह स्पष्ट किया था कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पीड़ित परिवार की मांगों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
मुख्यमंत्री ने अंकिता के माता-पिता द्वारा प्रस्तुत मांगों पर विधि-सम्मत, निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। कॉलेज का नामकरण उसी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।
