बंडिया क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मुख्यमंत्री बोले— धार्मिक धरोहरों का संरक्षण सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का माध्यम
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा के बंडिया क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ एवं महाबली हनुमान जी की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण का विशेष माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
देवभूमि की पहचान हैं धार्मिक परंपराएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की संस्कृति, परंपरा एवं धार्मिक आस्था राज्य की पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, बल्कि स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेंगी प्रतिमाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान भोलेनाथ और महाबली हनुमान जी की प्रतिमाएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा, श्रद्धा, नैतिक मूल्यों और जनकल्याण की भावना को मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और संस्कारों को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।
श्रद्धालुओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मिल रहे प्रोत्साहन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, किशन सिंह किन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता के अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र तथा अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
