देहरादून। मारपीट और धमकी के मामले में अब यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने युवक को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर ले जाने और उसके साथ मारपीट करने के मामले में अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुकदमे में अपहरण और सामूहिक आपराधिक कृत्य से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुराग डोभाल (29), अभिषेक (22), अभय चौधरी (23) और कुर्बान (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों को बृहस्पतिवार को सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
छह अक्तूबर को थाने में दी गई थी तहरीर
पुलिस के अनुसार, टी स्टेट बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने छह अक्तूबर को नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी थी। शिकायत के मुताबिक, पांच अक्तूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने राज सिंह चौहान को हरिद्वार बाईपास रोड पर मिलने के लिए बुलाया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं।
जान से मारने के इरादे से अपहरण का आरोप
राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे जान से मारने के इरादे से अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अपहरण की धारा के साथ सामूहिक आपराधिक कृत्य से संबंधित धारा भी बढ़ाई गई।
सुद्धोवाला में दबिश देकर चारों को पकड़ा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र में दबिश दी और अनुराग डोभाल समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की विवेचना कर रही है।



