देहरादून। रायपुर की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई तीन हत्याओं ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे मेहनताना के महज 300 रुपये को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। आरोप है कि राजकुमार ने पहले बुजुर्ग कपूर दंपती पर पेचकस से हमला किया और जब पड़ोस में काम करने वाली महिला ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उस पर भी हमला कर दिया।
इस वारदात में रमेश कपूर (80), उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) और तिलया देवी उर्फ शीला (48) की मौत हो गई।
पेचकस ने दिलाई ‘एक विलेन’ की याद
रायपुर की इस वारदात में इस्तेमाल पेचकस ने वर्ष 2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘एक विलेन’ की याद दिला दी। फिल्म में रितेश देशमुख ने राकेश महाडकर नाम के सीरियल किलर का किरदार निभाया था, जो पेचकस को हत्या के हथियार के तौर पर इस्तेमाल करता है।
फिल्म में राकेश महाडकर अपने साथ हुए कथित अपमान और दुर्व्यवहार का बदला लेने के लिए महिलाओं को निशाना बनाता है। कहानी में वह आयशा पर पेचकस से हमला करता है और आगे भी इसी हथियार का इस्तेमाल करता है।
हालांकि, विष्णुलोक कॉलोनी की घटना वास्तविक वारदात है। यहां पुलिस के अनुसार पेचकस का इस्तेमाल किसी फिल्मी कहानी के तहत नहीं, बल्कि पैसों के विवाद के दौरान किया गया।
300 रुपये कम मेहनताना मिलने को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, राजकुमार का रमेश कपूर और रजनी कपूर से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि मेहनताना के 300 रुपये कम मिलने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया और राजकुमार ने बुजुर्ग दंपती पर पेचकस से हमला कर दिया।
हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
बीच-बचाव करने पहुंची शीला पर भी हमला
चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली तिलया देवी उर्फ शीला मौके पर पहुंची। बताया गया है कि उसने बुजुर्ग दंपती को बचाने के लिए आरोपी का विरोध करने और बीच-बचाव करने की कोशिश की।
आरोप है कि राजकुमार ने शीला पर भी पेचकस से हमला कर दिया। उसके पेट और गले पर वार किए गए। इसके बावजूद शीला ने हमलावर का सामना करने की कोशिश की।
पुलिस तीनों घायलों को कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी
विष्णुलोक कॉलोनी में दिनदहाड़े तीन लोगों की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। शीला की मौत की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के पीछे बताए जा रहे 300 रुपये के मेहनताना विवाद और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।



