89 वर्ष की उम्र में सावित्री देवी ने ली अंतिम सांस; पंचूर गांव में हुआ अंतिम संस्कार, चंडी घाट पर दी गई मुखाग्नि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद से ही मुख्यमंत्री उत्तराखंड के पंचूर गांव में अपने परिवार के बीच मौजूद रहे। शनिवार को अंतिम दर्शन के दौरान वह मां के पार्थिव शरीर के पास कुछ देर तक खड़े रहे और भावुक नजर आए। इस दौरान उन्होंने परिजनों और मां की देखभाल करने वालों से उनके अंतिम समय के बारे में भी जानकारी ली।
परिजनों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। शनिवार को मां की अंत्येष्टि और अन्य पारिवारिक रस्में पूरी करने के बाद उन्हें लखनऊ लौटना था।
मां की अर्थी को दिया कंधा, चंडी घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री ने मां की अर्थी को कंधा दिया। परिजनों के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार के चंडी घाट पर किया गया। यह पंचूर गांव का पैतृक घाट है।
अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर 2:15 बजे तक उत्तराखंड में रहने वाले थे। इसके बाद उन्हें लखनऊ रवाना होना था। लखनऊ में शाम 5:30 बजे से 6:45 बजे तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में उन्हें शामिल होना था।
लंबे समय से बीमार थीं सावित्री देवी
सावित्री देवी लंबे समय से अस्वस्थ थीं। पिछले तीन वर्षों से उनकी परेशानी बढ़ने के बाद उन्हें एक बार एम्स ऋषिकेश और दूसरी बार जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोनों अवसरों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां को देखने अस्पताल पहुंचे थे।
योगी आदित्यनाथ बीती 7 मई को पंचूर गांव पहुंचे थे और 8 मई को वापस लौट गए थे। उस दौरान उन्होंने मां से अंतिम बार मुलाकात की थी।
पिता के निधन के बाद परिवार में दूसरा बड़ा दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख है। इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों और मुख्यमंत्री के दायित्वों के चलते वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।
सावित्री देवी के निधन पर गोरखनाथ मंदिर परिवार की ओर से भी शोक व्यक्त किया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और शोकसभा आयोजित की गई।



