Uttarakhand Government
  • Dehradun
  • November 22, 2026
0 Comments

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में लाने के दिए निर्देश; राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों के एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट

देहरादून। उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत गेस्ट फैकल्टी के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार अतिथि शिक्षकों का मासिक मानदेय 35 हजार रुपये से बढ़ाकर 57,700 रुपये करने की तैयारी कर रही है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसके लिए विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रस्ताव को कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।

मानदेय में प्रस्तावित वृद्धि से प्रदेश के 407 अतिथि शिक्षकों को लाभ मिलने की बात कही गई है। इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में पढ़ने वाले एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को मुफ्त टैबलेट देने की भी तैयारी है।

UGC के अनुरूप मानदेय देने की तैयारी

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधानसभा स्थित सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से विभागीय व्यय बजट की जानकारी ली। उन्होंने गेस्ट फैकल्टी को यूजीसी के अनुरूप निर्धारित मानदेय देने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

मंत्री ने अधिकारियों को अवशेष बजट का शीघ्र उपयोग करने और विभिन्न निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के शिलान्यास और पूरी हो चुकी योजनाओं के लोकार्पण की सूची तैयार करने को कहा।

एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को मिलेंगे मुफ्त टैबलेट

बैठक में डॉ. रावत ने बताया कि राज्य सरकार ने राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मुफ्त टैबलेट देने का निर्णय लिया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में शीघ्र प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।

छात्रावासों के बेहतर उपयोग पर जोर

उच्च शिक्षा मंत्री ने राजकीय महाविद्यालयों में छात्रावासों के संचालन और विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि छात्रावासों में छात्र-छात्राएं रहने नहीं आते हैं तो उनके स्थान पर शिक्षकों और कर्मचारियों को वहां रहने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है, ताकि छात्रावासों का सदुपयोग हो सके।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

विभागीय समीक्षा बैठक में सचिव उच्च शिक्षा बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर सचिव मनुज गोयल, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. एएस उनियाल, संयुक्त निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता, उप सचिव हरीश सागर, दीपक कुमार और विधि अधिकारी डॉ. बीसी चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Author

uttarakhandinsight18@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *