देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर प्रसिद्ध निशानेबाज स्वर्गीय जसपाल राणा के जीवन और उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ का विमोचन किया। इस अवसर पर जसपाल राणा की पत्नी रीना राणा, पुत्र युवराज राणा और पुत्री देवांशी राणा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें पुस्तक भेंट की।
भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में अहम योगदान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जसपाल राणा की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा की उपलब्धियां देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन यह संदेश देता है कि निरंतर अभ्यास, समर्पण और आत्मविश्वास के माध्यम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
जसपाल राणा ने बढ़ाया उत्तराखंड का गौरव
मुख्यमंत्री ने कहा कि जसपाल राणा ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के साथ उत्तराखंड का गौरव भी बढ़ाया। उनका जीवन और खेल सफर युवा खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता है।
युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी ‘Maverick Jaspal’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘Maverick Jaspal: The Man Who Changed Indian Shooting’ पुस्तक पाठकों, विशेषकर युवा खिलाड़ियों को जसपाल राणा के अनुभवों, संघर्ष और उपलब्धियों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने इस प्रयास के लिए जसपाल राणा के परिवारजनों को शुभकामनाएं दीं।



