देहरादून, 9 सितम्बर 2025।
उत्तराखंड ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। यह सर्वेक्षण पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF&CC) द्वारा राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत आयोजित किया गया। राज्य के तीन प्रमुख शहर — देहरादून, ऋषिकेश और काशीपुर — ने इस बार अपनी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है।
इस वर्ष, देहरादून ने बड़ी छलांग लगाते हुए 2024 के 37वें स्थान से 2025 में 19वां स्थान हासिल किया। वहीं ऋषिकेश ने भी शानदार प्रदर्शन कर पिछले वर्ष के 31वें स्थान से बढ़कर इस बार 14वां स्थान प्राप्त किया। काशीपुर ने स्थिरता बनाए रखते हुए 2024 के 19वें स्थान से सुधार कर 18वीं पायदान हासिल की।
उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष रमेश कुमार सुधांशु ने इस सफलता का श्रेय शहरी निकायों, उद्योगों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी को दिया। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे कई ठोस प्रयास रहे, जिनमें शामिल हैं:
-
यांत्रिक सड़क सफाई और धूल नियंत्रण
-
ठोस अपशिष्ट व निर्माण मलबे का प्रभावी प्रबंधन
-
हरित पट्टी विकास को बढ़ावा
-
उद्योगों में स्वच्छ ईंधन का उपयोग
-
स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली
-
जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से समुदाय की भागीदारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड की “सभी के लिए स्वच्छ वायु” के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि आने वाले वर्षों में हरीतिमा बढ़ाने, रीयल-टाइम निगरानी प्रणालियों को सुदृढ़ करने, जनसहभागिता बढ़ाने और नई तकनीकों को अपनाने के माध्यम से वायु गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जाए।
