• Dehradun
  • March 28, 2026
0 Comments

देहरादून। नेपाल में हुई हिंसा को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है। विशेष रूप से नेपाल सीमा से सटे पिथौरागढ़, ऊधमसिंहनगर और चंपावत जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में आने-जाने वाले रास्तों पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

पुलिस मुख्यालय इन तीनों जिलों से लगातार अपडेट ले रहा है। आईजी कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि नेपाल की हिंसा को देखते हुए इंटेलीजेंस सक्रिय कर दी गई है और मिले इनपुट्स के आधार पर सुरक्षा पुख्ता की गई है। पूरे प्रदेश में सतर्कता बरती जा रही है, जबकि सीमावर्ती जिलों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया की भी निगरानी की जा रही है। नेपाल हिंसा से संबंधित भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट करने वालों की पहचान की जा रही है। इसके लिए मुख्यालय और जिला स्तर पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

पुलिस ने बताया कि सीमा पर किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए सभी अधिकारियों और सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है। बॉर्डर चौकियों पर पुलिस और जरूरत पड़ने पर सशस्त्र बलों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

Author

uttarakhandinsight18@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *