Uttarakhand Pradeshik Cooperative Union (PCU) को राज्य की सहकारी संस्थाओं में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए नोडल एजेंसी घोषित किया गया है। इस निर्णय के तहत पीसीयू विभिन्न सहकारी संस्थानों में सोलर रूफटॉप परियोजनाओं का क्रियान्वयन करेगी और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सहकारी संघ के सभागार में आयोजित प्रबंध समिति की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में पीसीयू को परियोजना प्रबंधन सलाहकार (PMC) के रूप में भी नामित किया गया।
जिला सहकारी बैंकों और समितियों में लगेंगे सोलर प्लांट
निर्णय के अनुसार पीसीयू राज्य की शीर्ष सहकारी संस्थाओं और जिला सहकारी बैंकों में सोलर रूफटॉप परियोजनाएं स्थापित करेगी। साथ ही UREDA के समन्वय से अन्य सहकारी समितियों में भी सौर ऊर्जा परियोजनाओं का विस्तार किया जाएगा।
इस पहल से बिजली खर्च में कमी आएगी और सहकारी संस्थाओं को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।
नए कारोबार और आय बढ़ाने पर फोकस
बैठक में संघ के लिए नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने नवाचार आधारित योजनाओं को अपनाकर सहकारी समितियों की आय बढ़ाने और संघ को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने पर चर्चा की।
इसके साथ ही सदस्यता विस्तार अभियान चलाकर अधिक से अधिक सहकारी संस्थाओं को पीसीयू से जोड़ने का निर्णय भी लिया गया।
सदस्यता शुल्क में बड़ी राहत
National Cooperative Union of India की तर्ज पर पीसीयू ने अपनी सदस्य समितियों के वार्षिक सदस्यता शुल्क को 5,000 रुपये से घटाकर 2,000 रुपये कर दिया है। इस निर्णय से अधिक संस्थाओं के जुड़ने की संभावना बढ़ेगी।
बैठक में एनसीयूआई के लिए प्रदीप चौधरी को नामित करने पर भी सहमति व्यक्त की गई।
प्रशिक्षण और क्षमता विकास कार्यक्रम
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सहकारिता विभाग द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए वर्षभर का प्रशिक्षण कैलेंडर तैयार कर निबंधक सहकारी समितियां कार्यालय को भेजा जाएगा।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और अधिकारियों की क्षमता वृद्धि करना तथा उन्हें आधुनिक प्रबंधन एवं संचालन कौशल से लैस करना है।
