देहरादून: उत्तराखंड में नवंबर में रिक्त होने जा रही राज्यसभा की एक सीट के लिए उम्मीदवार के चयन का फैसला भाजपा हाईकमान करेगा। प्रदेश संगठन की ओर से उम्मीदवारों का पैनल नहीं भेजा जाएगा। इसके बजाय 15 नामों की सूची हाईकमान को भेजी गई है। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के समीकरणों को ध्यान में रखते हुए राज्यसभा उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगाई जाएगी।
इसी बीच भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव दो सह प्रभारियों अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा के साथ दो दिवसीय दौरे पर 2 अक्टूबर को उत्तराखंड पहुंचेंगे। 3 अक्टूबर को प्रदेश भाजपा संगठन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के साथ बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी।
तीरथ सिंह रावत की खुल सकती है किस्मत
2021 में चंद दिनों के लिए मुख्यमंत्री रहने के बाद से राजनीतिक निर्वासन काट रहे तीरथ सिंह रावत को बीजेपी मौका दे सकती है। हाल ही में उनको बीजेपी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बनाया है। ईमानदार छवि के नेता तीरथ अपनी खांटी उत्तराखंडी छवि के नेता हैं। वे अक्सर अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भी वे सियासी समीकरणों मसलन गढ़वाली, पहाड़ी और राजपूत के हिसाब से मुफीद हैं।
25 नवंबर को रिक्त होगी राज्यसभा की सीट
उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट 25 नवंबर को रिक्त हो जाएगी। इसके लिए चुनाव कार्यक्रम भी तय किया जा चुका है। उम्मीदवारों के नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित होने के बीच प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की पिछले शुक्रवार को हुई बैठक में राज्यसभा सीट के दावेदारों के नामों पर विचार किया गया था। उस समय नामों का पैनल पार्टी हाईकमान को भेजने का निर्णय लिया गया था, लेकिन बाद में रणनीति बदल दी गई।
प्रदेश संगठन ने भेजे 15 नाम
पार्टी हाईकमान के निर्देश के बाद प्रदेश संगठन ने उम्मीदवारों का पैनल तैयार करने के बजाय 15 नामों की सूची भेजी है। इस सूची में पार्लियामेंट बोर्ड से जुड़े नेताओं के नाम भी शामिल हैं। राज्यसभा सीट के लिए इनमें से किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा, इसका फैसला पार्टी हाईकमान करेगा।
विधानसभा चुनाव के समीकरणों पर भी नजर
आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार के चयन में विभिन्न सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों पर भी विचार किया जा रहा है। पार्टी में महिला, एससी-एसटी और युवा वर्ग के प्रतिनिधित्व के साथ क्षेत्रीय एवं सामाजिक संतुलन को भी ध्यान में रखा जा रहा है।
हाल ही में भाजपा के केंद्रीय संगठन में उत्तराखंड को प्रतिनिधित्व मिला है। राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में जगह बनाने वाले नेताओं और आगामी विधानसभा चुनाव के जातीय समीकरणों को देखते हुए कुछ नामों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
2 और 3 अक्टूबर को उत्तराखंड में रहेंगे राम माधव
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा 2 से 3 अक्टूबर तक देहरादून में प्रवास करेंगे।
प्रदेश प्रभारी और दोनों सह प्रभारियों का नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उत्तराखंड का यह पहला दौरा होगा। इस दौरान वे प्रदेश संगठन और सरकार के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही आगामी रणनीति और रोडमैप पर भी चर्चा की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने प्रदेश प्रभारी के आगामी दौरे की पुष्टि की है।
