देहरादून। प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे उत्तराखंड को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1200 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह अंतरिम सहायता है और राज्य सरकार के प्रस्ताव तथा केंद्रीय टीमों की रिपोर्ट के आधार पर आगे और मदद दी जाएगी।
गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे प्रधानमंत्री मोदी देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। मौसम खराब होने के कारण उनका आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे रद्द हो गया। इसके बाद उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत-पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।
पीएम मोदी ने कही ये अहम बातें
-
आपदा प्रभावितों की मदद के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाया जाएगा।
-
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घरों का पुनर्निर्माण होगा।
-
क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग और स्कूल दोबारा बनाए जाएंगे।
-
पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्यक्ष सहायता दी जाएगी।
-
प्रभावित किसानों और पशुपालकों के लिए मिनी किट उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य को दी गई यह सहायता अग्रिम भुगतान है। केंद्र सरकार, राज्य के ज्ञापन (5702 करोड़) और केंद्रीय अंतर-मंत्रालयी टीमों की रिपोर्ट के आधार पर समीक्षा कर अतिरिक्त सहायता मुहैया कराएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार, उत्तराखंड में बुनियादी सुविधाओं की बहाली और पुनर्निर्माण के लिए हर संभव मदद करेगी।
