Uttarakhand Government
  • Dehradun
  • November 24, 2026
0 Comments

सचिवालय में शासन और श्रमिक संगठनों के बीच सचिव स्तर की वार्ता में कई मांगों पर सकारात्मक सहमति; 42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन के प्रस्ताव पर श्रम विभाग को निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, भोजनमाताओं और अन्य श्रमिक संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन स्थगित कर दिया है। सोमवार को सचिवालय में शासन के अधिकारियों और सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीआईटीयू) के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई सचिव स्तर की वार्ता में विभिन्न मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद यह निर्णय लिया गया।

वार्ता में मानदेय बढ़ाने, सेवानिवृत्ति पर आर्थिक लाभ देने और न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये करने सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं, श्रमिक संगठन एक दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली में सैकड़ों की संख्या में शामिल होंगे।

सचिवालय में प्रदर्शन के बाद हुई वार्ता

इससे पहले सीआईटीयू के नेतृत्व में आशा, आंगनबाड़ी, भोजनमाता और अन्य श्रमिक संगठनों ने सचिवालय में प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्मिक सचिव की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता हुई।

शासन की ओर से मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि शैलेश बगोली सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास और श्रम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। श्रमिक संगठनों की ओर से सीआईटीयू के प्रांतीय अध्यक्ष महेंद्र जखमोला, राज्य सचिव लेखराज और विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी शामिल हुए।

आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय और सेवानिवृत्ति लाभ पर सहमति

वार्ता में आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति के समय एकमुश्त धनराशि देने पर सहमति बनी। इसके लिए हरियाणा की तर्ज पर नियम लागू करने की बात कही गई।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ग्रेच्युटी का लाभ देने पर चर्चा

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि से संबंधित शासनादेश जारी करने पर सहमति बनी। इसके अलावा सेवानिवृत्ति के बाद कल्याण कोष में सरकार का अंशदान देने और ग्रेच्युटी के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करने पर भी सहमति जताई गई।

भोजनमाताओं के मानदेय में वृद्धि और छंटनी पर रोक

भोजनमाताओं का मानदेय बढ़ाने, उनकी छंटनी पर रोक लगाने और सेवानिवृत्ति के समय आर्थिक लाभ देने का निर्णय लिया गया।

42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन की मांग पर निर्देश

श्रमिक संगठनों की न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये करने की मांग पर श्रम विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नई श्रम संहिताओं में मजदूरों के हितों के अनुरूप बदलाव करने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

गौरतलब है कि इन मांगों को लेकर सीआईटीयू ने 18 नवंबर को सचिवालय में महापड़ाव किया था और ज्ञापन सौंपा था। सोमवार को शासन के साथ हुई वार्ता के बाद संगठनों ने आंदोलन स्थगित करने का फैसला लिया।

Author

uttarakhandinsight18@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *