देहरादून। उत्तराखंड राज्य उत्पादन एवं कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अनिल डब्बू ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की और विभिन्न आपदाओं से प्रभावित लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹1 करोड़ का योगदान दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस सहयोग के लिए विपणन बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि न केवल आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में सहायक होगी, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई अतिवृष्टि और अन्य आपदाओं से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। शासन-प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों का सहयोग इस दिशा में सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने सभी संगठनों और नागरिकों से अपील की कि वे भी आगे आकर इस पुनीत कार्य में योगदान दें, ताकि किसी भी प्रभावित परिवार को कठिनाई न उठानी पड़े।
