मुख्यमंत्री ने दी बधाई — कहा, “सचिन उत्तराखंड की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत”
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में आज मई 2025 में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले 16 वर्षीय बालक सचिन कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने सचिन को उनके इस असाधारण साहसिक कार्य के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इतनी कम उम्र में एवरेस्ट जैसी विश्व की सबसे ऊँची चोटी को फतह करना साहस, दृढ़ निश्चय और परिश्रम का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सचिन ने न केवल अपने परिवार और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए नई प्रेरणा का प्रतीक बन गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धरती वीरता, साहस और पराक्रम की भूमि रही है। प्रदेश के युवा आज खेल, साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण जैसे क्षेत्रों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और पर्वतारोहण के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री धामी ने सचिन कुमार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली युवाओं को हरसंभव सहयोग और सम्मान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सचिन कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलकर अत्यंत प्रेरणा मिली है और वे आगे भी देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
