हल्द्वानी में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और युवाओं से बोले सीएम, सकारात्मक डिजिटल संवाद पर दिया जोर
Pushkar Singh Dhami ने हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल वॉलेंटियर्स और युवाओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में युवाओं ने सोशल मीडिया, उत्तराखंड के विकास, रोजगार, संस्कृति और राष्ट्रवाद से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे, जिनका उन्होंने स्पष्टता और आत्मीयता के साथ जवाब दिया।
Haldwani में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज को जागरूक करने, सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए वे अपनी बात दुनिया तक पहुंचाने की क्षमता रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मकता, सत्य और समाजहित के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फेक नैरेटिव, भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है। सोशल मीडिया पर जिम्मेदार व्यवहार और तथ्य आधारित जानकारी साझा करना हर युवा की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि Narendra Modi ने भी सोशल मीडिया को जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बनाया है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने के लिए लगातार प्रेरित किया है। इसी सोच के साथ उत्तराखंड सरकार रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, खेल, पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले लेकर युवाओं और प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया है। साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और देवभूमि की पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं की सकारात्मक सहभागिता और सुझावों का स्वागत करती है। उन्होंने युवाओं से उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एम्बेसडर बनकर प्रदेश की सकारात्मक छवि दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
