कांग्रेस हाईकमान ने किया ऐलान, प्रीतम सिंह को प्रचार समिति और डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी
देहरादून।कांग्रेस हाईकमान ने गणेश गोदियाल को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए।
इसके साथ ही पार्टी ने प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष और डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
बता दें कि गणेश गोदियाल दूसरी बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले वे 22 जुलाई 2021 से 10 अप्रैल 2022 तक यह दायित्व संभाल चुके हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, हाईकमान ने संगठन को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गोदियाल की नियुक्ति से प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक मजबूती और गुटीय संतुलन साधने की कोशिश की गई है। वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं में इस घोषणा के बाद उत्साह देखा जा रहा है।
