राज्य के कई जनपदों में सड़कों, पुलों, आवास और स्वच्छता परियोजनाओं को मिलेगा लाभ
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल ₹81.52 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, आवास, स्वच्छता, और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएँ शामिल हैं।
मिसिंग लिंक फंडिंग कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद चमोली के गोपीनाथ मंदिर मार्ग का स्थानीय शैली में निर्माण करने हेतु ₹9.79 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
साथ ही, पंचम राज्य वित्त आयोग के तहत नगर पंचायत गूलरभोज क्षेत्र में मछली बाजार में दुकानों के निर्माण के लिए ₹54.37 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत नगर निगम कोटद्वार में लीगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए भारत सरकार की स्वीकृत लागत ₹92.40 लाख में से राज्यांश के रूप में ₹33.26 लाख की मंजूरी दी गई है।
राज्य योजनांतर्गत जनपद चमोली के बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में जवाग्वाड के पास धौली नदी पर 120 मीटर स्पान पैदल झूला पुल के निर्माण हेतु ₹9.98 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार, टिहरी गढ़वाल जिले के धनोल्टी क्षेत्र में थत्यूड-मराड मोटर मार्ग के लिए ₹3.34 करोड़ तथा अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में तल्ली चम्याड़ी से रणतखाल मोटर मार्ग के शेष कार्य हेतु ₹5.64 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा, देहरादून की पुलिस लाइन रेसकोर्स में टाइप द्वितीय (ब्लॉक-बी) के 120 आवासों के निर्माण के लिए ₹50.79 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
नैनीताल जिले के भीमताल विकासखंड के नौकुचियाताल (सिलोटीपंत) स्थित हेलिपैड में कार्यालय, यात्री विश्राम स्थल एवं पेंटिंग कार्य हेतु ₹24.68 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
इसी क्रम में, राजकीय मुद्रणालय रुड़की के लिए कलर्ड मल्टीफंक्शन मुद्रण मशीन, डिजिटल मुद्रण मशीन और डॉक्यूमेंट डुप्लीकेटर मुद्रण मशीन की खरीद हेतु ₹85.69 लाख की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्वीकृतियों से राज्य के बुनियादी ढांचे, संपर्कता, प्रशासनिक दक्षता और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए।
