• Dehradun
  • June 9, 2026
0 Comments

सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पहाड़ी से गिरा भारी मलबा, बीआरओ ने शुरू किया मार्ग खोलने का अभियान

चमोली/उत्तराखंड-ज्योर्तिमठ-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को अचानक हुए भारी भूस्खलन से यातायात प्रभावित हो गया। ढाक क्षेत्र के पास सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क निर्माण और कटिंग के दौरान अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया और देखते ही देखते मलबा सड़क पर फैल गया। घटना के बाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके पर पहुंच गई है और जेसीबी व अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम और पहाड़ी की स्थिति को देखते हुए मार्ग खोलने में कुछ समय लग सकता है।

प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने तथा वैकल्पिक व्यवस्था होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Author

uttarakhandinsight18@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *