शिवपुरी के पास हुआ हादसा, खिड़की बंद करने के दौरान अनियंत्रित हुई बस; सभी घायलों को ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया
ऋषिकेश/टिहरी गढ़वाल-चारधाम यात्रा से लौट रहे यात्रियों की एक बस रविवार शाम बदरीनाथ हाईवे पर हादसे का शिकार हो गई। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी के पास कलथरी डंपिंग प्वाइंट के नजदीक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सात यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
पुलिस के मुताबिक बस संख्या UK14PA0605 बदरीनाथ से हरिद्वार की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सफर के दौरान चालक की ओर की खिड़की अचानक खुल गई। ड्राइवर जब उसे बंद करने का प्रयास कर रहा था, तभी बस का संतुलन बिगड़ गया और वाहन हाईवे पर पलट गया।
बस में चालक और परिचालक समेत कुल 25 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस और राहत टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाकी यात्रियों को हल्की खरोंचें आई हैं और सभी सुरक्षित हैं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू करा दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने के बाद यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।
